बरेली की किशोरी के अपहरण मामले में पत्नी और बेटी पति के समर्थन में उतरी
एसपी क्राइम से मिले तीनों, कहा बेटी को बरगलाकर अपने पक्ष में किया, पुलिस भी बेटी से नहीं करने दे रही मुलाकात
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़। बरेली की किशोरी को ननिहाल पक्ष द्वारा बेचे जाने के मामले में हर दिन नया मोड़ आ रहा है। अब किशोरी की मां और बड़ी बहन भी अपने किशोरी के समर्थन में उतर आई है। किशोरी की मां भी अपने मायके वालों पर बेटी को बरगलाकर उसका अपहरण कर शादी के नाम पर बेचने का आरोप लगा रही है। बडी़ बेटी ने भी ननिहाल पक्ष को ही आरोपी ठहराया है। तीनों मंगलवार को एसपी क्राइम डा. अरविंद कुमार से मिले।
उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी से पुलिस मिलने तक नहीं दे रही है। तीन दिन से उसे हिरासत में रखा हुआ है। बेटी अपने ननिहाल पक्ष के बहकावे में आकर बयान दे रही है। उसके साथ गलत हुआ है। मगर, वह डर या किसी प्रलोभन के कारण सच्चाई को सामने नहीं ला रही है। डा. अरविंद कुमार ने शिकायतकर्ता पक्ष को आश्वासन दिया कि वह मामले की जांच करा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई होगी।
बता दें कि नवल किशोर गुप्ता निवासी सुभाष नगर, बदायूं रोड ने आरोप लगाया था कि उसकी दो बेटी पल्लवी और शालू अलीगढ़ के गांधी पार्क थाने के नगला मानसिंह स्थित नानी-मामा के घर पर घूमने आई थीं। नानी मूलरूप से बरेली की रहने वाली हैं। वादी का आरोप है कि उसकी बेटी शालू को वह रक्षाबंधन पर बुलाने आए तो बेटी घर पर नहीं मिली। पूछताछ करने पर मारपीट, अभद्रता कर दी।
इस मामले में वादी ने दस लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा कराया था। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की तो शालू बरेली स्थित नानी के घर से ही बरामद हुई। उसने उल्टा पिता पर ही उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए भविष्य में बेचे जाने का संदेह जताया। उसने पिता के साथ जाने से भी इंकार कर दिया। इसके बाद से पुलिस इस मामले को लेकर उलझन में फंसी हुई है। बच्ची महिला थाना पुलिस की सुपुर्दगी में है।