रोज डे के साथ ही वेलेंटाइन वीक की शुरुआत हो गई है। बाजार भी तैयार हो गया है, इस बार वेलेंटाइन वीक पर नए गिफ्ट और तमाम चीजें हैं, जिन्हें युवा पसंद कर रहे हैं। गिफ्ट गैलरियां युवाओं से भरी हुई हैं। रोज डे पर अपने प्रिय को गुलाब का फूल देने का रिवाज है। बहुत सारे युवा दंपती इस मौके को खास बनाने की तैयारी कर रहे हैं। दुकानदारों ने भी मांग को देखते हुए ताजे गुलाब की व्यवस्था की है।
सोमवार शाम से ही सुर्ख गुलाब भाव खाने लगा। सेंटर प्वाइंट पर फूलों का कारोबार करने वाले संदीप ने बताया कि आम दिनों में 20 से लेकर 30 रुपये तक बिकने वाला गुलाब अब 40 से 70 रुपये पर पहुंच गया है। बुके की कीमत 250 से लेकर 700 रुपये तक है। रोज डे पर गुलाब की कीमत और भी बढ़ जाने की उम्मीद है। रामघाट रोड, सुदामापुरी, अचल ताल, महावीरगंज, कनवरीगंज, कुलदीप बिहार आदि कॉलोनियों में स्थित गिफ्ट गैलरियों में युवाओं की काफी भीड़ देखी गई।
चॉकलेट डे पर घोलेंगे मिठास, बनाएंगे खास
वेलेंटाइन डे पर बुधवार को युवा चॉकलेट डे को खास बनाने की तैयारी में है। इसीलिए अभी से अपने दोस्तों को चॉकलेट देने की तैयारी शुरू हो गई है। बाजार में भी नए-नए फ्लेवर में चॉकलेट आए हुए हैं। जिन्हें युवा एक-दूसरे को देने की तैयारी में हैं। चॉकलेट के साथ कई गिफ्ट अपने साथियों को देने की तैयारी है। होटल, रेस्टोरेंट में इसकी अग्रिम बुकिंग शुरू हो गई है।