गांव सिरोही में प्राथमिक विद्यालय जाने वाले मार्ग पर अब विद्यार्थियों को जलभराव से होकर नहीं गुजरने पड़ेगा। अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद मार्ग की सफाई करा दी गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया है कि लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी, जिससे स्कूली बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। छोटे-छोटे बच्चे गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर थे। समस्या को अमर उजाला ने छह अप्रैल के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया। खबर का संज्ञान लेते हुए प्रशासन सक्रिय हुआ और ग्राम प्रधान व विकासखंड अधिकारी सात अप्रैल को मौके पर पहुंचे। उन्होंने समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों ने बुधवार को मार्ग किनारे नालियों की सफाई कर जल निकासी सुनिश्चित की, जिससे सड़क पर भरा पानी हट गया और रास्ता साफ हो गया। अब बच्चों को स्कूल जाने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है। समस्या के समाधान से ग्रामीणों में खुशी है। उन्होंने प्रशासन और अखबार का आभार जताया।