सोमवार की शाम करीब पांच बजे गांव जलालपुर में निर्माणाधीन मकान की पहली मंजिल की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में दबने से मिस्त्री की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है।
गांव जलालपुर निवासी रामबाबू के मकान का निर्माण हो रहा है। निचली मंजिल का काम पूरा होने के बाद दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार शाम करीब पांच बजे अचानक पहली मंजिल की दीवार गिर गई। इसके मलबे में मिस्त्री सोनू सिंह (30) पुत्र कुमरपाल सहित मकान मालिक रामबाबू और विपाती दब गए। चार इंची दीवार गिरने से परिवार सहित ग्रामीणाें में अफरा-तफरी मच गई।
तत्काल भागकर मौके पर पहुंचे योगेंद्र सिंह, गौरव सहित अन्य ग्रामीणों ने तीनों को मलबे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें जट्टारी के एक निजी अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें जेवर के एक बड़े निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान मिस्त्री सोनू सिंह की मौत हो गई। गृहस्वामी का आईसीयू में भर्ती कर इलाज चल रहा है जबकि विपाती को इलाज के बाद परिजन घर ले आए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि दीवार के साथ गिरे गॉटर में तीनों दबे। नीचे खाली पड़े गटर में सिर के बल गिरने से मिस्त्री की जान चली गई।