गांव सुनाना में शुक्रवार की शाम खेत में घुसी गोशाला की गायें बाहर निकालने के विवाद में दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। एक पक्ष से ग्राम प्रधान को भी पीटा गया। दोनों पक्षों की तहरीर पर जवां थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
गांव निवासी राकेश कुमार के अनुसार घटना शुक्रवार शाम की है। उनका बेटा अनिल अपने खेत पर था। वहां गोशाला की गायें खेत में नुकसान कर रही थीं। अनिल ने गोशाला पहुंचकर शिकायत की तो वहां मौजूद व्यक्ति ने गाली देने के साथ ग्राम प्रधान राजकुमार को फोन कर दिया। ग्राम प्रधान अपने साथ गांव खुर्दरियापुर से परिवार के सुनील, जितेंद्र, योगेश, यशपाल आदि को लेकर पहुंच गया। उक्त लोगों ने उनके बेटे सहित बेटी अंजलि व पुत्रवधू रीना को पीटा।
वहीं ग्राम प्रधान राजकुमार के अनुसार सगे भाई अतुल और अनिल अपने पिता राकेश, कन्हैया, सतीश, चुन्नू और अतुल के साथ गोशाला पहुंचे और वहां काम करने वाली गांव की चंद्रवती की पिटाई की। सूचना पर वह गोशाला पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी गालियां दीं। इस पर वह थाने से दो सिपाही लेकर मौके पर दोबारा लौटे तो आरोपियों ने पीटना शुरू कर दिया। इसमें उनके साथ ही भतीजा भी घायल हो गया।