वैक्सीन की डोज से हार्डवेयर, ताला एवं इलेक्ट्रिकल कारोबार की सेहत सुधरने की उम्मीद है। ड्राई रन शुरू होने से स्वास्थ्यकर्मियों से ज्यादा उद्यमी एवं व्यापारी खुश हैं। यह भी उम्मीद है कि नए वित्तीय वर्ष शुरू होने के पहले (31 मार्च 2021) वैक्सीनेशन के लिए उनका नंबर आ जाएगा। उसके बाद यहां के उद्यमी और कारोबारी व्यापारिक यात्रा पर देश-विदेश में निकलेंगे।
2017 में नोटबंदी एवं उसके बाद जीएसटी से दबाव में आए उद्यमी एवं कारोबारी निकले भी नहीं थे कि कोरोना महामारी का संकट सिर पर आ गया। मार्च 2020 के दूसरे पखवाड़े से लेकर आज तक उसकी मार से छटपटा रहे हैं। जीवन में ऐसे दौर देखने पड़ेंगे, किसी ने सोचा तक नहीं था। 20 मार्च 2020 से लेकर 76 दिन तक कारोबार बिल्कुल बंद रखना पड़ा। न उत्पादन हुआ और न ही बिक्री। अब हालात में कुछ सुधार तो हुआ है, लेकिन पिछले 9 महीनों में कारोबार 25 से 30 प्रतिशत के बीच झूल रहा है। इस अवधि में अधिकतर उद्यमियों ने कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों को पारिश्रमिक भी दिया। जमा-पूंजी वेतन देने में निकल गई। इस बीच बिजली चार्ज, बैंक एवं बाजार से लिए गए ऋण का ब्याज भी दिया। शहर के कई नामी उद्योगपति एवं कारोबारियों को कोरोना ने निगल लिया। महामारी के शुरुआती दिनों में लोग भगवान से यही प्रार्थना करते रहे कि कोई वैक्सीन बन जाए, जिससे इस बीमारी से जान बचे। अब जब देश एवं विदेश में वैक्सीन बन गई है और उसका सफल प्रयोग भी हो चुका है तो खुशी जाहिर है। अब तो सुरक्षित रहने के लिए वैक्सीन का दो डोज हाथ में लगने का इंतजार है।
ड्राई रन से सबसे अधिक खुश उद्यमी हैं। कोरोना की वजह से उद्यमी एवं सेल्स एग्जीक्यूटिव कहीं जा नहीं पा रहे थे। बिना जाए काम भी नहीं होता है। आर्डर व पेमेंट लेने के लिए यह जरूरी है। मार्च तक टीका के लिए हम लोगों का भी नंबर आ जाएगा। इस समय इससे अधिक खुशी की बात और कुछ नहीं हो सकती।
- सुनील दत्ता, महासचिव, तालानगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन
वैक्सीन आने के बाद सारा कष्ट दूर हो जाएगा। मानसिक तौर पर डर खत्म हो जाएगा। अभी तो आदमी आदमी के पास जाने से घबरा रहा है। ह्यूमन फेस पर भी व्यापार होता है। नए ग्राहक बनाने एवं ग्रोथ के लिए व्यापार यात्रा जरूरी है। वैक्सीन आने पर खुशी जाहिर है। सभी लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
- मोहित गुप्ता, निर्यातक
सुनील दत्ता- फोटो : CITY OFFICE