इगलास के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के मैदान में सोमवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सूबे में सरकार बनने पर यूपी को दुनिया का फूड मार्केट बनाया जाएगा।
इगलास का आलू जब अमेरिका जाएगा तो वहां का डॉलर यहां के किसानों की जेब में आएगा। राहुल ने रोजगार के ज्वलंत मुद्दों पर फोकस करते हुए हर तबके के दिलों को छूने की कोशिश की। नोटबंदी पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया तो वहीं कांग्रेस की भावी रणनीति का भी खुलासा करते हुए कहा कि सूबे की तरह गठबंधन कर दिल्ली में भी सरकार बनाएंगे।
राहुल ने कहा कि यूपी में दुनिया की सबसे बेहतरीन जमीन है।
इलाहाबाद का अमरूद, प्रतापगढ़ का आंवला, अमेठी का टमाटर, बाराबंकी का आम और इगलास अलीगढ़ का आलू पूरी दुनिया में अपने स्वाद के लिए जाना जाता है। तो क्यों न यूपी को दुनिया का फूड मार्केट बनाया जाए। जहां से बाकी देशों को इनकी सप्लाई की जाए। इगलास का आलू जब अमेरिका भेजा जाएगा तो अमेरिकी डॉलर किसान की जेब में आएगा। इगलास में अगर आलू की फूड प्रोसेसिंग यूनिट (खाद्य प्रसंस्करण इकाई) लग जाए तो अमेरिका में बराक ओबामा देखेंगे चिप्स के पैकेट में लिखा है मेड इन इगलास।
राहुल ने रोजगार के मुद्दे को ही आगे बढ़ाते हुए कहा कि कानपुर में लेदर, सहारनपुर में लकड़ी, मुरादाबाद में ब्रास का काम बहुत मशहूर है। इन्हीं शहरों मे अगर वर्कशॉप बना कर काम किया जाए तो युवाओं को रोजगार मिलेगा। बोले हर लड़के का सपना होता है कि वह आईआईटी और आईआईएम में जाए।