अहमदी स्कूल फॉर द विजुअली चैलेंज्ड स्कूल में कक्षा 1, 6 और 9 में प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित थी। स्क्रीनिंग कमेटी ने दाखिले के लिए विद्यार्थियों की आयु ज्यादा होने का हवाला दिया। इस पर विद्यार्थी व उनके अभिभावक और एलएमएम द्वितीय वर्ष के छात्र मोहम्मद हसन भड़क गए।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के अहमदी स्कूल फॉर द विजुअली चैलेंज्ड स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया में आयु सीमा निर्धारित नहीं पर विद्यार्थियों ने खूब हंगामा काटा। इस दौरान गेट बंद करके विद्यार्थी धरने पर बैठ गए।
विज्ञापन
5 मई को स्कूल में कक्षा 1, 6 और 9 में प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित थी। अलीगढ़ सहित अन्य जिलों से दाखिले के लिए दिव्यांग विद्यार्थी आए थे। विद्यार्थियों के आवेदन की जांच हो रही थी। स्क्रीनिंग कमेटी ने दाखिले के लिए विद्यार्थियों की आयु ज्यादा होने का हवाला दिया। इस पर विद्यार्थी व उनके अभिभावक और एलएमएम द्वितीय वर्ष के छात्र मोहम्मद हसन भड़क गए। गुस्से में आकर विद्यार्थियों ने गेट बंद कर दिया और धरने पर बैठ गए। हंगामे के बाद स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. नायला राशिद ने प्रवेश प्रक्रिया स्थगित कर दी।
विद्यार्थियों की हिमायत में आए मोहम्मद हसन ने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थियों की आयु में दो साल की छूट दी जा रही है, जबकि चार साल की रियायत दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी में शामिल अधिकारियों से बातचीत की गई। जल्द ही इंतजामिया से स्वीकृति लेने के बाद दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत नए सिरे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।