हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।
- फोटो : AKBARABAD
थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गांव सिसरोई के पास बृहस्पतिवार दोपहर बिहार से हरियाणा के लिए जा रहे ईवीएम से भरे चार कंटेनर के साथ चल रही पुलिस की एक स्कॉर्पियो में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो में बैठे पांच पुलिसकर्मी व चालक घायल हो गए। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटनास्थल पर मौजूद दरभंगा बिहार के मजिस्ट्रेट वीरेंद्र कुमार ने बताया है कि वह दरभंगा से चार कंटेनरों में ईवीएम लादकर हरियाणा के पंचकूला लेकर जा रहे थे। कंटेनरों की सुरक्षा में दो स्कॉर्पियो में सवार बिहार पुलिसकर्मी उनके साथ चल रहे थे। इसी दौरान बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे थाना अकराबाद क्षेत्र में जीटी रोड स्थित गांव रोहिना सिंहपुर एवं सिसरोई के बीच सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने एक स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में चालक राजा सहित कार में सवार बिहार पुलिस के हवलदार गोपाल, एएसआई किशन देव यादव, सिपाही रामकृष्ण यादव, अजय कुमार तिवारी व कन्हाई कुमार घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंचे सीओ बरला नरेंद्री सैनी, थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव त्यागी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कपिल देव मलिक व पनैठी पुलिस चौकी इंचार्ज सुभाष मलिक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों के अस्पताल में भर्ती कराया है। तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर है।