संभागीय परिवहन कार्यालय की छवि को लेकर जिला प्रशासन से लेकर सरकार तक सख्त हो गई है। कार्यालय में दलालों का सफाया करने के लिए सीधे डीएम की निगरानी में अभियान चलेगा। इसके साथ ही कार्यालय के भीतर ही एक बड़ा जनसेवा केंद्र खोला जाएगा। यहां सरकार द्वारा तय दरों पर जनता किसी भी काम के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेगी। मुख्यमंत्री के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में इसकी पूरी रणनीति तैयार हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ तौर पर अपनी मंशा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हेें आरटीओ में दलाल राज का खात्मा चाहिए। भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों को जेल भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार दोपहर को संभागीय परिवहन कार्यालय के कामकाज को लेकर समीक्षा बैठक की। इस बैठक में विगत दिनों अमर उजाला में प्रकाशित खबरों का भी जिक्र हुआ, जिसके आधार पर सीएम ने आदेश दिया कि अलीगढ़ जिलाधिकारी की निगरानी में यहां के कार्यालय को भ्रष्टाचार व दलालों से मुक्त किया जाए। दलाल राज को खत्म करने के लिए सबसे पहले जनता को जागरूक किया जाएगा। कार्यालय से संबंधित सभी कामों को ऑनलाइन कर दिया गया है। इसका फायदा जनसेवा केंद्र संचालक और कार्यालय के आसपास अवैध तौर पर साइबर कैफे चलाने वाले लोग उठा रहे हैं। इसको खत्म करने के लिए कार्यालय के भीतर ही एक जनसेवा केंद्र खोला जाएगा।
यहां कार्यालय संबंधी सभी कामों के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही जनता को प्रसार-प्रचार के माध्यम से परिवहन डॉट जीओवी डॉट इन वेबसाइट के बारे में जागरूक किया जाए, जिससे की कार्यालय संबंधी अधिक से अधिक काम जनता खुद अपने मोबाइल पर ही पूरा कर सके। साथ ही चेतावनी दी कि आवेदक का कोई भी काम किसी भी स्तर पर अटकाया न जाए। अगर, कोई कर्मचारी अधिकारी भ्रष्टाचार या लापरवाही में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ शासन को कार्रवाई के लिए लिखा जाए। भ्रष्टाचारियों को सीधे जेल भेजा जाएगा। डीएम चंद्रभूषण सिंह के मुताबिक मुख्यमंत्री के आदेशानुसार दलाल राज पर वार करने के लिए अभियान तैयार कर लिया गया है। एआरटीओ प्रशासन को साफ तौर पर कहा गया है कि किसी भी एजेंट को कार्यालय में प्रवेश न दिया जाए। जागरूकता संबंधी बैनर-पोस्टर कार्यालय में चस्पा कराए जाएं। एआरटीओ प्रशासन रंजीत सिंह के मुताबिक कार्यालय में जनसेवा केंद्र खोलने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। पूरा खाका तैयार किया जा रहा है।
आरटीओ में बन्नादेवी पुलिस ने पकड़ा एजेंट
आरटीओ परिसर के भीतर से शुक्रवार को बन्नादेवी थाना पुलिस ने एक एजेंट को पकड़ा। उसके पास से वाहन कार्य संबंधी कुछ फाइलें भी मौके से बरामद हुईं। एजेंट को हिरासत में थाने ले जाया गया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी धीरेंद्र मोहन शर्मा के मुताबिक पूछताछ जारी है। सुबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।