रविवार की दोपहर करीब 12 बजे रामघाट-कल्याण मार्ग पर अतरौली के गांव जमालगढ़ी के सत्यम शिवम सुंदरम इंटर कॉलेज के समीप दो बाइकों में आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार मामा-भांजे और दूसरी बाइक में मौजूद एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों बाइकों पर मौजूद तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस ने जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
जिला बुलंदशहर के थाना नरौरा के गांव बेलोन निवासी बालूशंकर की बेटी लक्ष्मी की 21 अप्रैल को शादी है। लक्ष्मी अपने भाई राजा (17) के साथ अपनी बहन गायत्री पत्नी भूपेंद्र के यहां शादी का कार्ड देने बसईं (आगरा) गई थी। शादी की तैयारियों के चलते उसने बहन और उसके बच्चों को भी साथ बेलोन चलने के लिए राजी कर लिया। गायत्री देवी आगरा से बस में बैठ गईं, जबकि बाइक पर राजा के साथ लक्ष्मी और गायत्री के दो बच्चे रोहनी उर्फ रॉकी (5) तथा दीक्षा बाइक पर बेलोन के लिए निकल पड़े।
गांव जमालगढ़ी के सत्यम शिवम सुंदर इंटर कॉलेज के निकट अतरौली की ओर आ रही बाइक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। जबर्दस्त हादसे में राजा और रोहनी उर्फ रॉकी समेत दूसरी बाइक पर मौजूद शिवा (18) पुत्र जुगल किशोर निवासी वाजिदपुर थाना जवां की मौत हो गई। वहीं राजा की बहन लक्ष्मी, भांजी दीक्षा और शिवा के साथ बाइक पर मौजूद विनय पुत्र शिशुपाल सिंह निवासी वाजिदपुर थाना जवां गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सीओ शिवप्रताप सिंह, कोतवाल प्रदीप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। तीनों घायलों का जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। तीनों शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए थे। सीओ शिव प्रताप ने घटना को दुखद बताते हुए लोगों का आह्वान किया कि बाइक पर दो लोगों से अधिक न चलें। इसके साथ ही बाइक चलाते समय हेलमेट अवश्य लगाएं।
बाह थाने में पैरोकार हैं रॉकी के पिता
हादसे में मृत 5 वर्षीय रोहनी उर्फ रॉकी के पिता भूपेंद्र आगरा के बाह थाने में पैरोकार हैं। वह मूलरूप से अलीगढ़ के गांव नगला खिटकारी थाना बरला के निवासी हैं। मौजूदा समय में आगरा के बसई में परिवार समेत रह रहे हैं। रॉकी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। राजा दो भाई थे।
बीफार्मा कर रहा था शिवा, दुकान देखने गया था अतरौली
वाजिदपुर गांव निवासी शिवा (18) पुत्र जुगुल किशोर आगरा से बीफार्मा कर रहा था। इसके साथ ही कासिमपुर पावर हाउस में एक डॉक्टर के यहां शिवा प्रेक्टिस कर रहे थे। अब वह अतरौली में दवा की दुकान खोलने की तैयारी में थे। इसके लिए अतरौली में दुकान देखी थी। रविवार को उसी दुकान की किराएदारी तय करने के लिए वह अतरौली गए हुए थे, लेकिन हादसे का शिकार हो गए। चार भाई-बहन में शिवा तीसरे नंबर पर थे। उनके सबसे बड़े भाई भारत, उसके बाद बहन और सबसे छोटा भाई दिलीप है। संवाद
राजा का फाइल फोटो।- फोटो : ATHROLI