सोमवती अमावस्या पर नरौरा में गंगा स्नान के लिए गए हाथरस के दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों शवों को गंगा से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। वहीं, अलीगढ़ के जवां का युवक अनूपशहर में गंगा में डूब गया है, जिसकी तलाश जारी है।
कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव नगला सुखा निवासी देशराज का बेटा गोपाल (25) सोमवार सुबह गंगा स्नान के लिए नरौरा गया था। बताया जा रहा है कि उसने स्नान के लिए गंगा में छलांग लगाई, जिसके बाद से बाहर नहीं निकल सका। तैराकों ने गोपाल की तलाश शुरू कर दी। यहीं पर कोतवाली सदर क्षेत्र के गिजरौली निवासी विष्णु (22) पुत्र जनक सिंह भी गंगा में डूब गया। विष्णु अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने के लिए गया था। गोताखोरों ने गोपाल और विष्णु के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंपा।
वहीं, जवां क्षेत्र के गांव पढ़की निवासी 22 वर्षीय युवक मनोज पुत्र मदनलाल अनूपशहर में गंगा स्नान करते समय नदी में डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में मनोज की काफी तलाश करवाई लेकिन पता नहीं चल सका। उधर युवक के डूबने से परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने घर का इकलौता चिराग था। तीन-चार दिन पहले ग्राम बिरौली अनूपशहर अपनी बुआ के यहां गए थे। वहां से सोमवार को अपने दोस्त अतुल पुत्र राकेश निवासी बिरौली के साथ गंगा स्नान करने गए थे। दोनों ने गंगा नदी में छलांग लगाई तो वे डूबने लगे। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने अतुल को तो तत्काल बाहर निकाल लिया लेकिन काफी तलाश के बावजूद मनोज का पता नहीं चल सका।