अलीगढ़ में दो जगहों पर दो युवकों ने फंदे से लटकर कर खुदकुशी कर ली। दोनों के आत्महत्या करने की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अलीगढ़ के थाना सासनीगेट और रोरावर क्षेत्र में 13 अप्रैल को दो युवकों ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। हालांकि आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
विज्ञापन
पहली घटना थाना सासनीगेट क्षेत्र के गंभीरपुरा में हुई। यहां के रहने वाले अनिल शर्मा दिल्ली में एक फैक्टरी में काम करते हैं, जबकि 25 वर्षीय बेटा सुमित शर्मा स्टेशनरी की दुकान पर काम करता था। परिजनों के अनुसार सोमवार देर शाम सुमित दुकान से काम करके घर पहुंचा और सीधे अपने कमरे में चला गया। घटना के समय घर में उसकी मां मालती शर्मा व दो बहनें मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार सुमित ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल फोन से एक वीडियो भी बनाया, जिसमें वह सीढ़ियों से फंदा लगाने जाता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि सुमित ने आत्महत्या क्यों की इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
उधर, रोरावर थाना क्षेत्र के मामूद नगर निवासी व ताला कारखाने में काम करने वाले 28 वर्षीय अजमत अली ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन एक शादी समारोह में भाग लेने गए हुए थे। पिता फारुख घर के बाहर बनी परचून की दुकान पर बैठे थे। अजमत की शादी करीब दो महीने पहले ही शाहीन से हुई थी। सीओ प्रथम के अनुसार आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।