खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में मंगलवार की दोपहर चकरोड के विवाद को लेकर ग्राम पंचायत विजयगढ़ देहात के मजरा सिंहपुर निवासी दो पक्षों में झगड़ा हो गया। पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले गई।
एक पक्ष से गांव मदोवा निवासी नत्थी सिंह एवं सिंहपुर निवासी आकाश शर्मा ने पुलिस को बताया है कि गांव सिंहपुर में एक पुराना चकरोड है। जिस पर मनरेगा से मिट्टी कार्य होना है, लेकिन गांव के कुछ लोग कार्य नहीं होने दे रहे हैं। इसी को लेकर ग्राम सचिव व एडीओ पंचायत ने उन्हें आज ब्लाॅक कार्यालय बुलवाया था।
वह एडीओ पंचायत के आफिस में बैठकर बात कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग पहुंच गए और गालीगलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। ब्लाॅक प्रमुख ने दोनों पक्षों को बुलाया और कहा कि तीन दिन बाद वह निस्तारण करा देंगे। आकाश का आरोप है कि उसके कपड़े फाड़ दिए।
वहीं दूसरे पक्ष से राधेश्याम एवं मोहिनी देवी का आरोप है कि उक्त चकरोड का मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बाद भी दूसरे पक्ष के लोग जबरदस्ती चकरोड पर मिट्टी डलवाना चाहते हैं। इसी बात को लेकर वह ब्लाॅक कार्यालय आए थे। जहां आरोपियों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की है। थाना पुलिस का कहना है कि एक पक्ष से तहरीर मिली है। मामले में जांच कर कार्यवाही की जाएगी।