जहरीली शराब कांड में जान गंवाने वाले भट्ठा मजदूरों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि भट्ठा संचालकों की ओर से प्रदान की गई है। डीएम चंद्रभूषण सिंह के निर्देश पर संचालकों ने आश्रितों की सहायता के लिए यह कदम उठाया है। कोल व गभाना तहसील के भट्ठा मालिकों ने एसडीएम कोल व गभाना को बैंक चेक सौंपे हैं।
पिछले दिनों जहरीली शराब की घटना में गभाना तहसील के खुशी ईंट भट्ठा रोहेरा में 11 और कोल तहसील के तिरुपति ईंट उद्योग सिसरोई में दो और गुरु नानक ईंट उद्योग खेड़ा नारायण सिंह में 3 मजदूरों की मृत्यु हो गई थी।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने भट्ठा संचालकों से वार्ता की और मृतक मजदूरों के परिजनों की सहायता के लिए निर्देश दिए। इस पर भट्ठा संचालकों ने स्वेच्छा से दो-दो लाख रुपये के चेक एसडीएम कोल रंजीत सिंह व एसडीएम गभाना प्रवीण यादव को प्रदान किए। साथ ही भट्ठा मालिकों ने मजदूरों के अस्पताल में हुए इलाज के खर्च को भी देने का आश्वासन दिया है।