फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Aligarh News: भगवान नगर में भिड़े दो गुट, मारपीट-पथराव, तीन बाइक क्षतिग्रस्त, पुलिस बल तैनात, सभी आरोपी फरार

Sat, 25 Oct 2025 07:56 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

यह घटना इलाके के युवा गुटों की रंगबाजी से जुड़ी है, जिसमें दोनों पक्षों के अपने-अपने आरोप हैं। एक तरफ अभिषेक पक्ष का कहना है कि दूसरे मोहल्ले के लोगों ने उस दिन हमारी गली में आकर पटाखे चलाए थे, मना करने पर झगड़ा हुआ था। वहीं हर्ष व प्रशांत पक्ष का कहना है कि बाइक निकालने पर विवाद हुआ था।
विज्ञापन
दो गुटों में हुई मारपीट के बाद सड़क पर पड़ी ईंट - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ में थाना सासनी गेट के इलाके भगवान नगर में दो दिन पहले हुए झगड़े की रंजिश में 24 अक्तूबर देर रात फिर से दोनों गुट भिड़ गए। मारपीट के बीच ईंट पत्थर फेंके गए। इस दौरान हमलावर गुट को भीड़ ने घेर लिया तो उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा। इनमें एक भाजपा पार्षद पुत्र भी शामिल बताया गया है। हमलावरों की तीन बाइकें मौके पर छूट गईं, जिन्हें तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

विज्ञापन


पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष भाग गए। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस और दोनों पक्षों के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात एडीए कॉलोनी निवासी हर्षराज अपने दो अन्य भाइयों संग बाइक से भगवान नगर से होकर जा रहा था। इस दौरान अभिषेक पक्ष ने आतिशबाजी करने का आरोप लगाते हुए ऐतराज जताया। हर्ष ने कहा कि उसने पटाखे नहीं चलाए, बल्कि बाइक आवाज कर रही है।

इसी विवाद में अभिषेक आदि ने हर्षराज आदि के साथ मारपीट कर दी। साथ ही बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी थी। सूचना पर इलाके के भाजपा पार्षद योगेंद्रपाल सिंह का बेटा प्रशांत भी वहां पहुंच गया, जिसे चाकू से प्रहार कर घायल कर दिया गया। आरोप हवाई फायर करने का भी है। इस मामले में पुलिस ने हर्ष की तहरीर पर अभिषेक, जीत आदि दस बारह अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

आरोप है कि 24 अक्तूबर रात करीब नौ बजे प्रशांत व हर्षराज पक्ष के 10-12 युवक भगवान नगर में पहुंच गए और अभिषेक को पीटना शुरू कर दिया। अभिषेक को पिटता देख मोहल्ले के गोपाल ने बीचबचाव किया तो उन्हें भी पीट दिया, जिसे देख भीड़ उग्र हो गई। उन्होंने हमलावर होकर आए प्रशांत व हर्षराज पक्ष को घेरकर उन पर ईंट पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। खुद को घिरता देख हमलावर होकर आया पक्ष अपनी तीन बाइकें छोडक़र भाग गया। इस सूचना पर सीओ प्रथम, एसएचओ सासनी गेट आदि पहुंच गए। वहां भीड़ ने पुलिस के सामने जमकर नाराजगी जताई। मगर पुलिस के आने पर अभिषेक पक्ष के लोग भी भाग गए।

बाद में तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस लगा दी गई। साथ में पार्षद पुत्र से जुड़ा घटनाक्रम होने के कारण इलाके के कुछ व्यापारी व भाजपा नेता भी वहां पहुंच गए। देर रात पुलिस सीसीटीवी देखने में जुटी थी। क्षतिग्रस्त बाइकें थाने भेज दी गई थीं। सीओ प्रथम मयंक पाठक के अनुसार मामले में सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। साथ में कुछ आरोपी तलाशे भी जा रहे हैं।

रंगबाजी से जुड़ा विवाद, दोनों पक्षों के अपने अपने आरोप
यह घटना इलाके के युवा गुटों की रंगबाजी से जुड़ी है, जिसमें दोनों पक्षों के अपने-अपने आरोप हैं। एक तरफ अभिषेक पक्ष का कहना है कि दूसरे मोहल्ले के लोगों ने उस दिन हमारी गली में आकर पटाखे चलाए थे, मना करने पर झगड़ा हुआ था। वहीं हर्ष व प्रशांत पक्ष का कहना है कि बाइक निकालने पर विवाद हुआ था। आज प्रशांत उसी मोहल्ले में परिचित के घर मिठाई देने गया था, तभी वहां आमना सामना होने पर घेर लिया। वह हमलावर नहीं था, हमलावर होने का आरोप गलत है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें