अलीगढ़। महानगर के नगला मेहताब इलाके के टैक्सी मालिक/ड्राइवर और उसके दोस्त की अपहरण के बाद हत्या कर शव कासगंज की काली नदी में बहा दिए गए। दो दिन से लापता टैक्सी चालक व दोस्त के परिजनों की डीआईजी से हुई शिकायत के बाद हरकत में आई अमापुर पुलिस ने मंगलवार शाम दो लोगों को हिरासत में लेकर यह खुलासा कर दिया है। हालांकि गायब टैक्सी तो मंगलवार शाम ही सिढ़पुरा रोड पर लावारिस अवस्था में खड़ी मिल गई थी। मगर पुलिस अभी हत्या कराने वाले और हत्या के कारणों की खोज में जुटी है। इधर, शाम को हत्या किया जाना स्पष्ट होने के बाद परिजन यहां से अमापुर रवाना हो गए।
देहली गेट के दलित आबादी वाले नगला मेहताब निवासी पप्पू उर्फ पवन कुमार (40) पर अपनी स्कार्पियो गाड़ी थी। खुद ही वह उसे टैक्सी में चलाता था और गांधीपार्क बस स्टैंड स्थित टैक्सी स्टैंड पर खड़ा होता था। वाकये के अनुसार रविवार 1 नवंबर की दुपहर करीब चार बजे उसे त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने जाने के लिए कासगंज के अमापुर तक का भाड़ा आने-जाने का मिला।
चूंकि वह अकेला जा रहा था और गाड़ी में जगह भी थी। इसलिए पवन अपने साथ अपने ही मोहल्ले के दोस्त विनोद को अपने साथ बैठाकर ले गया। शाम करीब आठ बजे पवन की अपने बेटे राजकुमार से बात हुई तो उसने पूरी बात बताई और कहा कि देर रात तक वापस आ जाएंगे। मगर जब नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई और फोन भी बंद आया।
इस पर परिजन सोमवार सुबह देहली गेट थाने भी गए। मगर वहां से गांधीपार्क जाने की कह दी। इस पर वह गांधीपार्क भी गए। मगर वहां की पुलिस से भी मदद नहीं मिली। इसी बीच सोमवार देर शाम कासगंज की अमापुर थाना पुलिस ने सिढ़पुरा रोड पर स्कार्पियो लावारिस अवस्था में बरामद की।
उस पर अलीगढ़ नंबर होने के चलते अलीगढ़ पुलिस को सूचना दी। नंबर ट्रैस करने के बाद मंगलवार सुबह पुलिस को पता चला कि यह गाड़ी पवन उर्फ पप्पू की है और वह गायब है। गाड़ी लावारिस मिलने की जानकारी पर पप्पू व विनोद के परिजन एसएसपी दफ्तर और फिर डीआईजी से मिले। जहां उन्होंने अपहरण के बाद हत्या का शक जताया। तब जाकर डीआईजी के निर्देश पर अमापुर पुलिस हरकत में आई।
इंस्पेक्टर अमापुर सत्यदेव सिंह सिद्धू के अनुसार सुरागरशी के आधार पर अमापुर क्षेत्र के ही गांव नादरमई निवासी विक्रम व वीनेश नाम के दो युवक हिरासत में लिए गए हैं। दोनों ने पप्पू व विनोद की हत्या कर शव काली नदी में फेंका जाना स्वीकार किया है। हत्या कराने वाला और उन दोनों को भाड़े पर लेकर आने वाला व्यक्ति अलीगढ़ का ही है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं और दोनों शवों की काली नदी में तलाश के प्रयास जारी हैं। इधर, शाम सात बजे दोनों की हत्या की खबर परिजनों को मिली तो यहां से परिजन भी अमापुर रवाना हो गए।