आय कर रिटर्न जमा करने के लिए दो दिन 30 और 31 जुलाई का समय और शेष है, इसके बाद पेनाल्टी के साथ ही रिटर्न जमा होगा।
अलीगढ़ आयकर रेंज कार्यालय में सात जिले हैं। इसमें अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, कन्नौज और फर्रुखाबाद शामिल हैं। इन जिलों से तकरीबन 2.90 लाख रिटर्न जमा होने हैं, इसमें 85 फीसदी जमा हो गए हैं।
सीए एसोसिएशन अलीगढ़ के पूर्व अध्यक्ष सीए विजय कुमार ने बताया कि अलीगढ़ जिले में लगभग 1.90 लाख आयकर रिटर्न जमा होते हैं। शेष छह जिलों में लगभग एक लाख आयकर रिटर्न जमा होते हैं। इस तरह से कुल संख्या 2.90 लाख होती है। 85 फीसदी रिटर्न जमा हो चुके हैं, बाकी दो दिन में जमा होने की उम्मीद है। 1 अगस्त से पेनाल्टी के साथ ही रिटर्न जमा होगा। जिसमें पांच लाख तक सालाना आय वालों को एक हजार रुपये और पांच लाख से ज्यादा आय पर पांच हजार रुपये पेनाल्टी देनी होगी।