नागरिकों ने सड़क निर्माण लेकर शिकायत की। नगर आयुक्त खुद निरीक्षण करने पहुंच गए। वहां खामियां मिलीं। अवर अभियंता का नवंबर माह का वेतन शून्य कर प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है, जबकि आउटसोर्स अवर अभियंता को अंतिम चेतावनी दी गई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अलीगढ़ शहर में विकास कार्यों के नाम पर मानकों से खिलवाड़ करने वाले ठेकेदार अब नगर निगम के निशाने पर हैं। वार्ड 37 के कटरा मोहल्ले में सड़क और नाली निर्माण की गुणवत्ता खराब मिलने पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने दो ठेकेदार फर्मों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। करीब 19.44 लाख रुपये के दोनों निर्माण कार्यों के अनुबंध निरस्त कर फर्मों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, निगरानी में लापरवाही पर दो अवर अभियंताओं का वेतन अदेय कर दिया गया है।
विज्ञापन
स्थानीय नागरिकों ने जनसुनवाई में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी। इस पर नगर आयुक्त खुद निरीक्षण करने पहुंच गए। कटरा मोहल्ले में राजेश के मकान से सुभाष के मकान तक 10.63 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क और नाली की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसका निर्माण मैसर्स उमाशंकर शर्मा ने कराया था। वहीं, सत्य प्रकाश के मकान से सारस ट्रस्ट के मकान तक 8.81 लाख रुपये की लागत से हुए निर्माण में भी खामियां मिलीं। यह कार्य मैसर्स शिवम बिल्डर्स एंड डेवलपर्स ने कराया था।
जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि, आउटसोर्स कर्मी को दी अंतिम चेतावनी
निर्माण कार्यों का प्रभावी पर्यवेक्षण नहीं करने पर अवर अभियंता गिरीश कुमार सागर का नवंबर माह का वेतन शून्य कर प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। आउटसोर्स अवर अभियंता परितोष का भी नवंबर का वेतन अदेय कर अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। दोबारा लापरवाही मिलने पर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। ठेकेदारों को अनुबंध के मुताबिक पांच वर्ष की अनुरक्षण अवधि में भी सड़कों और नालियों की गुणवत्ता बनाए रखनी होगी।