अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिये पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में अलीगढ़ की रैपिड एक्शन फोर्स भी तैनात रहेगी। इसके लिये 250 जवानों वाली दोनों कंपनियां शुक्रवार को अयोध्या रवाना हो गईं।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की तारीख पांच अगस्त तय की गई है। इसको लेकर अयोध्या में तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है। अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए अलीगढ़ का भी अहम रोल रहेगा। यहां से रैपिड एक्शन फोर्स की दो कंपनियां रवाना की गई है। जिसमें करीब 250 जवान शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच अगस्त को अयोध्या जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। भूमि पूजन के पूरे कार्यक्रम का दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण देखा जा सकेगा। कार्यक्रम को लेकर अलीगढ़ पुलिस पहले ही अलर्ट जारी कर चुकी है। जिले को नौ सेक्टरों में बांटा गया है। 30 मजिस्ट्रेट व पुलिस फोर्स सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील इलाकों में लगाई गई है। खुफिया तंत्र भी सक्रिय कर दिया गया है।