एक ऑनलाइन शॉपिंग एप का कर्मचारी बनकर यूपीआई के जरिये 71,342 रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को थाना साइबर अपराध पुलिस ने शनिवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 49,500 रुपये भी बरामद किए हैं।
15 सितंबर को चंदपा क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी रजत ने शिकायत करते हुए कहा था कि उसने एक प्रतिष्ठित ऑनलाइन शॉपिंग एप पर एक ऑर्डर बुक किया था। डिलीवरी कैंसिल कराने के लिए इंटरनेट पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। इस नंबर पर फोन पर करने उस युवक ने खुद को शॉपिंग एप का कर्मचारी बताया। युवक ने रजत को अपनी बातों में फंसाकर ऑर्डर कैंसिल कराने के नाम पर यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन 71,342 रुपये ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद फोन स्विच ऑफ कर लिया। एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि शनिवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने साइबर ठगी करने वाले मनीष निवासी पांडये टोला मोहम्मदपुर, गोपालगंज बिहार व हाल निवासी गोपालनगर थाना नजफरगढ़ दिल्ली व हिमांशु निवासी टैगोर गार्डन थाना राजौरी गार्डन दिल्ली को गिरफ्तार किया है। दोनों ने अपने जुर्म का इकबाल किया है। पुलिस को मनीष के पास से 26,000 व हिमांशु से 23,500 रुपये बरामद किए हैं।