जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया। समाधान दिवस में ऐसे शिकायतकर्ता पहुंचे, जो लंबे समय से अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन निस्तारण नहीं हो रहा।
सादाबाद तहसील में आयोजित समाधान दिवस में विधायक प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी राहुल पांडेय व पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने शिकायतों का सुना। डीएम ने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। तहसील सादाबाद में 46 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया।
इसके अलावा हाथरस तहसील में 68 शिकायतों में चार शिकायत, तहसील सासनी में 24 शिकायतों में से तीन और सिकंदाराऊ तहसील में कुल 85 शिकायतों में से सात शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
केस नंबर 1-
नौ महीने से खाते में नहीं आए रुपये
ग्राम धानौटी निवासी चोब सिंह पहलवान ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करते हुए बताया कि पिछले वर्ष 23 दिसंबर 2024 को हाथरस की अनाज मंडी में आयोजित किसान दिवस समारोह में प्रगतिशील किसान के रूप में मुझे द्वितीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया था। उपनिदेशक द्वारा घोषणा की गई थी कि उनके खाते में 5000 रुपये पहुंच जाएंगे, लेकिन लगभग नौ माह बाद भी खाते में रुपये नहीं आए हैं।
केस नंबर -2
भूमाफिया ने सरकारी जमीन पर कर रखा है कब्जा
गांव बघैना निवासी श्यामवीर सिंह बताया कि ग्राम सभा में नवीन परती की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। ये लोग गाली-गलौज करते हैं और कब्जा हटाने की कहने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। लोग इस जमीन में मृत पशुओं को गाड़ देते हैं, जिससे गांव में भयंकर बीमारी फैलने का खतरा है। यदि कोई शिकायत करता है तो उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हैं।
मतदाताओं के नाम नगला ब्राहमण में कराए जाने की मांग
सहपऊ के गांव नगला ब्राह्मण निवासी करीब दो दर्जन मतदाताओं ने शिकायत करते हुए कहा कि गांव में चार वार्ड हैं। इनके मतदाता प्राइमरी पाठशाला में मतदान करते हैं। पिछले चुनाव में वार्ड संख्या 12 के वोट किसी खुराफाती तत्व ने मढ़ापिथू मढ़ाका में डलवा दिए। वार्ड नंबर 12 के वोट काटकर मढ़ापिथू मढ़ाका में कर दिए गए। यह गांव नगला ब्राहमण से तीन किमी की दूरी पर है, जिससे महिला एवं बुजुर्गों को परेशानी होती हैै, इसलिए वार्ड संख्या 12 के वोट पहले की तरह प्राइमरी पाठशाला नगला ब्राह्मण में ही डलवाने की व्यवस्था की जाए।