मृतक नसीम और सलीम का फाइल फोटो।
- फोटो : Samvad
छर्रा-नानऊ मार्ग पर गांव सतरापुर मोड़ के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार निजी बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
मरने वाले युवकों की पहचान गांव दौलतपुर जिला बुलंदशहर निवासी नसीम (40) और सलीम (40) निवासी गांव सतरापुर के रूप में हुई है। नसीम की कस्बा छर्रा के मोहल्ला कुम्हारान में ससुराल है। वह पिछले करीब छह साल से पत्नी व बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रहे थे और फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते थे।
मंगलवार रात करीब आठ बजे फेरी से लौटकर आने के बाद अपने साथी नसीम को छोड़ने के लिए उसके गांव सतरापुर जा रहे थे। इस दौरान गांव के मोड़ के पास सामने से आई बस ने दोनों को कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। सूचना पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। नसीम अपने पीछे गर्भवती पत्नी और दो बच्चों, सलीम अपनी पत्नी व पांच बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गए हैं।