घर की दीवार पर लिखा यह घर बिकाऊ है।
- फोटो : वीडियो ग्रेब
अलीगढ़ में टप्पल थाना क्षेत्र के गांव सालपुर में दबंगों से परेशान अनुसूचित जाति के लोगों ने मकानों की दीवार पर घर बिकाऊ है, लिख दिया है और पलायन करने की बात कही। सूचना पर पुलिस तत्काल गांव पहुंची। हालांकि सीओ का कहना है कि मौके पर इस तरह का कोई इश्तिहार नहीं मिला। सभी लोग गांव में मौजूद हैं। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे छोटेलाल पुत्र रविकरन अपनी साइकिल से मजदूरी करने घर से जा रहा था। उसकी साइकिल घर के बाहर दरवाजे पर खड़ी थी। तभी गांव के मोनू ने ट्रैक्टर से छोटेलाल की साइकिल को टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। पीड़ित ने विरोध किया, तो आरोपी ने पीड़ित और उसके दिव्यांग बेटे से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट कर दी। इसकी शिकायत करने जब पीड़ित थाने पहुंचा, तो आरोप है कि पुलिस ने उसके साथ गलत व्यवहार किया। इसके बाद पीड़ित पक्ष के लोगों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली कि पीड़ित पक्ष ने अपने घरों पर घर बिकाऊ है, लिखकर पलायन करने की धमकी दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घरों पर लिखे इश्तिहार को हटवा दिया। क्षेत्राधिकारी राकेश सिसौदिया ने बताया कि गांव में सड़क पर रास्ता रोक देने को लेकर दो पक्षों में मामूली विवाद हुआ था। इसमें एक पक्ष द्वारा मकान बिकाऊ है का इश्तिहार लगाकर पलायन करने की बात सामने आई थी। मौके पर पहुंचकर देखा तो वर्तमान में किसी भी मकान के बाहर न तो बिकाऊ है का इश्तिहार लगा है और न हीं रास्ते के बीच मार्ग को अवरुद्ध करने वाला कोई बोर्ड लगा है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि मामला 23 मार्च का बताया गया है। साइकिल को टक्कर मार गिराने से विवाद हुआ। गांव में से पोस्टर हटा दिए गए हैं। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में माहौल शांत है।