रामघाट रोड पर घंटों लगा रहा जाम।
- फोटो : CITY OFFICE
विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने की कोशिश में मंगलवार को दिनभर भाजपा, कांग्र्रेस समेत अन्य दलों की रैली, रोड शो में शामिल गाड़ियां महानगर की सड़कों को रौंदती रही। इसके चलते रामघाट सड़क मार्ग पर तीन घंटे तक जाम रहा। दोदपुर, मैरिस रोड समेत अन्य मार्गों पर भी जाम लगा रहा। मिनटों के रास्ते घंटों में तय हुए।
विधानसभा चुनाव 2022 के प्रथम चरण में शामिल अलीगढ़ में प्रचार का मंगलवार को अंतिम दिन था। चुनावी रण का हिस्सा बने प्रत्याशियों ने अंतिम समय में पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा, सपा एवं कांग्रेस के रोड शो एवं रैली हुईं। प्रत्याशियों में प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने और उनके मन मस्तिष्क में जगह बनाने की होड़ रही। इस प्रचार अभियान ने पहले से ही कराह रही महानगर की यातायात व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। इसके चलते रामघाट सड़क मार्ग पर दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक जाम लगा रहा। वाहनों की लंबी कतार लग गई। रामघाट रोड पर लाल मंदिर के पास एक बस में किसी कारण से लगी आग भी जाम को बढ़ाने का कारण बनी। दोदपुर, मैरिस रोड पर भी दिनभर जाम लगा रहा। मिनटों में तय होने वाले रास्ते घंटों में तय हो सके।