कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एलान के बाद संपूर्ण देश के साथ अलीगढ़ को भी अगले 21 दिन तक यानि 14 अप्रैत रात 12 बजे तक के लिए लॉक डाउन कर दिया गया है। इस तरह 22 मार्च से लागू लॉक डाउन को मिला लें तो अपने जिले में इस लॉक डाउन की अवधि कुल 24 दिन हो जाएगी।
विज्ञापन
इधर, लॉक डाउन में मंगलवार को सख्ती और बढ़ गई है। बंदी में बेवजह घूमने पर जिले भर में 188 के तहत 15 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इधर, पीएम मोदी के और ज्यादा संख्ती के संदेश के बाद बुधवार से अधिक सख्ती बरती जाएगी। शहर से लेकर गांव देहात तक लोगों को घरों में रहने की पाबंदी के लिए सख्ती झेलनी पड़ेगी।
मंगलवार को लॉकडाउन में सुबह से ही जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी थी। बेवजह घूमने निकले लोगों ने पुलिस ने वापस भेजा। केवल बेहद जरूरी काम से निकलने वालों को ही पुलिस ने जाने दिया। अस्पताल, नर्सिंग होम, मेडिकल स्टोर, पैथोलॉजी लैब, एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज, सब्जी, दूध, किराने का सामान लाने वाले, आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई करने वाले, अखबार बांटने वाले विक्रेताओं को ही जाने दिया गया।
विज्ञापन
दूध, सब्जी, किराना और मेडिकल स्टोर पर ग्राहकों की भीड़ भी जुटी। जहां ज्यादा भीड़ हुई वहां भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। दुकानदारों ने भी लोगों को दूर दूर खड़े रहने, मास्क लगाए रखने, खुद अपने हाथों को सैनिटाइज करने की ताकीद की गई। दुकानदारों ने भी ग्राहकों से दूरी बनाए रखने में ही भलाई समझी। लोगों ने कम से कम बात कर अपना काम चलाया।
इस दौरान कुछ चौराहों पर पुलिस और आने जाने वालों से जोरदार बहस भी हुई। जिले की सीमाओं पर भी ऐसे ही नजारे दिखे। हरियाणा सीमा से किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। बाकी सीमाओं पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है।
मथुरा, आगरा, बदायूं, बरेली, कासगंज, एटा, गाजियाबाद, नोएडा से आने वालों की बेहद सख्त जरूरत को जान कर ही प्रवेश दिया गया। वहीं अलीगढ़ निवासियों को भी आने दिया गया। ये सभी अपने अपने वाहनों से आए थे। एहतियातन इन सभी का बुखार जांचा गया।
इधर, नगर निगम और दमकल की टीमों ने रामघाट रोड सहित कई इलाकों में सैनिटाइज कराने का काम शुरू कर दिया है। जिसमें मौके पर मिले वाहन, दरवाजे, शटर, दीवारें, पोस्टर बैनर आदि सभी चीजों को दवाओं के साथ सैनिटाइज किया गया। बता दें कि लाकडाउन के पहले दिन सोमवार को पब्लिक ने कानून का पालन करने में लापरवाही की, जिसके चलते मंगलवार से पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया।
इसके बाद ही तय किया गया कि आवश्यक वस्तुओं की दुकानें सुबह सात से 11 बजे और शाम को 5 से सात बजे तक खुलेंगी। मंगलवार की सुबह जब दुकानें खलीं तो लोगों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। इसलिए शाम को पुलिस ने 5 से 7 बजे की छूट को वापस लिया और दुकानें बंद करा दी गईं।
-लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि लॉकडाउन में वह घरों में ही रहें। अब अगर पांच या पांच से अधिक लोग घूमते मिलते हैं और समझाने पर भी घर नहीं जाते हैं तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं जिले की सीमाओं पर भी लगातार निगरारी की जा रही है।-मुनिराज जी एसएसपी
ये मुकदमे हुए दर्ज
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार खैर में मंगलवार को 12, सासनी गेट में एक, अकराबाद में एक और जवां में एक मुकदमा दर्ज हुआ है। इस तरह सोमवार को दर्ज पांच मुकदमों को मिलाकर इनकी संख्या 20 हो गई है।
वहीं गांधीपार्क में सोमवार को दर्ज दो मुकदमों के विषय में इंस्पेक्टर गांधीपार्क सुधीर कुमार धामा ने बताया कि एक मुकदमा 23 मार्च की सुबह सात बजे धनीपुर मंडी स्थित प्रधान ढाबा पर एकत्रित भीड़ में शामिल दीपक निवासी असगरपुर अकराबाद, रेशमपाल निवासी सिकंदराराऊ, पुष्पेंद्र निवासी गंजडुडवारा, गोविंद निवासी बाबा कालोनी व गंजडुडवारा निवासी अज्ञात व्यक्ति पर दर्ज कराया गया है।
जब इनके एकत्रित होने की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और इन्हें समझाया गया तो यह नहीं माने और एकत्रित होकर धारा 144 का उल्लंघन कर रहे थे। इसके चलते इन पर 188 का मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं दूसरा मुकदमा डोरी नगर गली नंबर 5 में लोगों के एकत्रित होने के संबंध में दर्ज कराया गया है।
इस मुकदमे में गुलफाम निवासी जलाली, अरविंद, सूरज व बंटी निवासी नगला मान सिंह व अशोक निवासी डोरी नगर व अज्ञात को आरोपी बनाया है। इन्हें भी समझाया गया। मगर नहीं माने और 144 का उल्लंघन करने पर 188 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
अब लॉकडाउन में भी नहीं माने तो कर्फ्यू
जिला प्रशासन और शासन के बीच लॉक डाउन की सफलता को लेकर बातचीत जारी है। अगर लोगों ने लॉकडाउन का पालन सख्ती से नहीं किया तो कभी भी कर्फ्यू लगाया जा सकता है। इसे लेकर खुद मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में निर्देश दिए हैं कि अगर इससे भी लोग न मानें तो कर्फ्यू लगाया जा सकता है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था। रविवार सुबह छह से रात्रि नौ बजे तक की अवधि के लिए लागू हुआ ये कर्फ्यू बेहद सफल रहा था।
रविवार रात को ही इस कर्फ्यू की अवधि सोमवार की सुबह छह बजे तक बढ़ा दी गई। इसी दौरान शाम को ही यूपी सरकार ने अलीगढ़ सहित 15 जिलों में लॉक डाउन घोषित कर दिया। जनता कर्फ्यू हटने से पहले ही अलीगढ़ लॉक डाउन हो गया था। ये लॉक डाउन पहले 23 से 25 मार्च की रात्रि 12 बजे तक ही था। मंगलवार दोपहर प्रदेश सरकार ने इसे 27 मार्च तक बढ़ाया था, जिसे पीएम के संदेश के बाद आगे 21 दिन 14 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया गया है।