दिवानी कोर्ट में सोनू गौतम को पेशी के लिए ले जाती दिल्ली पुलिस साथ में यूपी पुलिस।
- फोटो : CITY OFFICE
दो गैंगेस्टर के मुकदमों में इनाम घोषित होने पर दिल्ली स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए गए जिले के टॉप-10 अपराधी सोनू गौतम को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। दिल्ली पुलिस उसे विशेष सुरक्षा व वीडियोग्राफी के बीच विशेष पीआई वैन में तिहाड़ जेल से लेकर यहां दीवानी पहुंची। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी सतर्क रही। उसे तीन अलग-अलग न्यायालयों में पेशी के बाद दिल्ली ले जाया गया।
वर्ष 2006 में पूर्व विधायक मलखान सिंह हत्याकांड और 2014 में पूर्व विधायक के भतीजे अनिल चौधरी हत्याकांड में आरोपी सोनू गौतम पर पिछले दिनों जवां व बन्नादेवी थाने से गैंगेस्टर में कार्रवाई की गई। इसके आधार पर एसएसपी स्तर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी बीच सोनू गौतम निवासी शहरी मदन गढ़ी को दिल्ली स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया। इधर, सोनू के पुराने मुकदमों में न्यायालय से वारंट चल रहे थे, जिनमें एडीजे-10 में एनडीपीएस के मुकदमे में, एडीजे-15 में पूर्व विधायक के भतीजे की हत्या में और एडीजे-17 में बन्नादेवी में पुलिस मुठभेड़ के मुकदमे में वारंट शामिल थे। तीनों वारंटों के आधार पर न्यायालय ने सोनू को दिल्ली तिहाड़ जेल से तलब किया था।
मंगलवार को सोनू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल वैन से विशेष सुरक्षा में यहां दीवानी लाया गया। तीनों मुकदमों में एक-एक कर उसे न्यायालयों में पेश किया गया। जहां उसे वारंटों में हाजिर करने की औपचारिकता पूरी हुई। इस दौरान एडीजे-17 में बन्नादेवी पुलिस मुठभेड़ के मुकदमे में उस पर चार्ज की प्रक्रिया पूरी कराई गई। सोनू के अधिवक्ता संजीव शर्मा ने बताया कि न्यायालय में कड़ी सुरक्षा में पेशी के बाद सोनू को वापस ले जाया गया है। सोनू को फिर गैंगेस्टर के दो मुकदमों में तलब किया जाएगा। बता दें कि दिल्ली में गिरफ्तारी के बाद दोनों थानों की पुलिस ने तलबी भेज दी है।