आज अलविदा की नमाज पढ़ी जाएगी। रमजान महीने का आखिरी जुमा होगा। नमाज पढ़ने के लिए लोगों ने कुर्ता-पायजामा आदि की खरीदारी की। ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में अलविदा की नमाज में कोविड-19 की गाइडलाइंस का पालन किया जाएगा।
गाइड लाइंस के हिसाब से 5-6 लोग ही मस्जिदों में नमाज पढ़ सकेंगे। बाकी लोग अपने घर पर नमाज पढ़ सकते हैं। यह अपील शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद जारी कर चुके हैं। अलविदा की नमाज को छोटी ईद भी कहते हैं। इसलिए ज्यादातर लोग इस दिन नए कपड़े पहनकर अलविदा की नमाज पढ़ते हैं। इस लिए बाजार में कुर्ता-पायजामा आदि की खरीदारी की गई।
शहर मुफ्ती की अपील, छोटी जमात करके पढ़ें नमाज
शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने बढ़ते कोरोना के मामले को लेकर अपील जारी की है, जिसमें भीड़ करने और भीड़ वाली जगह पर जाने से बचने को कहा गया है। शहर मुफ्ती ने कहा कि अलविदा की नमाज और ईद की नमाज मोहल्ले की मस्जिदों में छोटी जमात करके अदा करें। गले मिलने और हाथ मिलाने से परहेज करें। बहुत जरूरत के बिना घर से बिल्कुल न निकलें। मास्क पहनें। हालात को गंभीरता को समझें और अपना सहयोग दें।