अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विक्टोरिया गेट के सामने गत 26 जनवरी को जमीन में दफन किए गए टाइम कैप्सूल के स्थान पर स्मारक बनकर तैयार हो गया है। यह स्मारक आने वाले वक्त में लोगों को याद दिलाएगा कि यहां जमीन के अंदर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का इतिहास, उपलब्धि आदि का विवरण दफन है।
शताब्दी वर्ष समारोह के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की शृंखला में गणतंत्र दिवस पर कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने टाइम कैप्सूल जमीन में दफन किया था। एएमयू मामलों के जानकार डॉ. राहत अबरार कहते हैं कि इस टाइम कैप्सूल में विश्वविद्यालय के अब तक के कुलपति, दीक्षांत समारोह, उपलब्धियां, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन, दुर्लभ पांडुलिपियों आदि का विवरण दर्ज है। टाइम कैप्सूल को आगामी 500 वर्ष को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। आने वाले समय में यह स्थान स्मृति से विस्मृत न हो जाए, इसलिए यहां पर स्मारक तैयार कर दिया गया है। ब्यूरो