‘भाबीजी घर पर हैं’ के किरदार अनोखेलाल सक्सेना, टीका, मलखान व टिल्लू ने शनिवार को जवाहर भवन में दीपावली मेले में दर्शकों को जमकर गुदगुदाया। किरदारों की चिरांदीपना देखकर दर्शकों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया।
नगर निगम द्वारा जवाहर भवन में दीपावली मेला-विकास दीपोत्सव में शनिवार शाम को ‘भाबीजी घर पर हैं’ धारावाहिक के स्टार कास्ट की नाइट आयोजित हुई। कलाकार अनोखे लाल सक्सेना ने आई लाइक इट.. कहकर धमाकेदार एंट्री दी। उन्हें देखकर दर्शकों ने भी आई लाइक इट कहकर जवाब दिया। इसके बाद चारों कलाकार लड़की पटाने, दोस्ती की चिरांद आदि का नाटकीय प्रस्तुति दी तो दर्शक रोमांचित हो गए। टिल्लू चिरांद ने लड़की पटाने के लिए देवानंद, ऋतिक रोशन, शाहरुख खान की मिमिक्री की तो लोग हंस हंस के लोटपोट हो गए।
कार्यक्रम में टीका, मलखान और टिल्लू लड़की पटाने का नाटक करते हैं। लड़की तीनों को जवाहर भवन बुलाती है। जहां ढंग से रायता फैलता है। सक्सेना आई लाइक इट कहकर बताते हैं कि यह रेनू शर्मा मेरी बहन हैं। मैंने पुराना बदला लिया है, अब रेनू शर्मा तीनों को राखी बांधेगी। इस हंसी ठिठोली को देखकर दर्शक खूब गुदगुदाए। कलाकारों ने कई चुटकुले भी सुनाए। इस मौके पर पूर्व महापौर शकुंतला भारती, मानव महाजन, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त और ओजोन सिटी के चेयरमैन प्रवीन मंगला का परिवार मौजूद रहा।
नाराज होकर कलाकार उतरे मंच से
कलाकारों की नाइट जैसे ही खत्म हुई। वैसे ही मंच पर भीड़ पहुंच गई। कलाकारों के साथ सेल्फी लेना शुरू किया, लेकिन इस दौरान धक्का-मुक्की हो गई। इससे कलाकार भी परेशान हुए और नाराज होकर वह मंच से नीचे उतर गए।
कलाकारों के मंच पर पहुंचते ही फैला रायता
कलाकारों के मंच पर पहुंचते ही नगर निगम के कुछ अधिकारी, कर्मचारी भी पहुंच गए। उनके साथ जनता में से भी कई लोग पहुंच गए। कलाकारों की एंट्री हुई ही थी कि उनके साथ मंच पर पहुंची भीड़ भी नाचने लग गई। जिन्हें देखकर कलाकार सहम गए और मंच के पीछे चले गए। माइक से सभी से अनुरोध किया गया कि मंच छोड़कर नीचे चले जाएं। नहीं मानने पर पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। इस दौरान प्रोग्राम शुरू ही होने वाला था कि तीनों कलाकारों के कॉलर माइक चालू नहीं हो पाए। इस दौरान दस मिनट तक कार्यक्रम बाधित रहा।