अलीगढ़ शहर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। 12 मई को आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
विज्ञापन
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। एएमयू के भूगोल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अहमद मुज्तबा सिद्दीकी ने बताया कि मई के पहले सप्ताह में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, जो जलवायु परिवर्तन की ओर संकेत करता है।
उन्होंने कहा कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव सामान्य नहीं हैं और आने वाले दिनों में भी ऐसे उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली चमकने के समय सावधानी बरतने की अपील की गई है।