नगर निगम ने सफाई अभियान के साथ ही रसलगंज, बारहद्वारी, महावीर गंज, अब्दुल करीम चौराहे से रेलवे रोड और माल गोदाम तक और फिर से एक बार रसलगंज तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नाले नालियों, सड़क की पटरी पर अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना और सामान जब्त करने की कार्रवाई की गई।
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने नाले नालियों आदि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न करने और उन्हें बिल्कुल क्लीयर रखने की अपील की है। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम शहर की साफ सफाई के प्रति बेहद जागरूक है। अभियान पिछले कई दिनों से चलाया जा रहा है उन्होंने कहा कि नगर निगम का पूर्ण प्रयास है कि अलीगढ़ शहर गंदगी और अतिक्रमण मुक्त बने। लेकिन कुछ लोग अतिक्रमण करके शहर की शोभा को बिगाड़ रहे हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि शहर में नाले नालियों के ऊपर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एसीएम अमित, नगर निगम से कर अधीक्षक सभापति यादव, कर अधीक्षक अजीत राय, हरीकृष्ण गुप्ता, धर्मवीर सिंह, एहसन रब, प्रभारी बन्नादेवी अमित कुमार सहित कई थानों का फोर्स मौजूद था।
यह करें दुकानदार
जिन दुकानदारों, भवन स्वामियों द्वारा सड़क की पटरी, नाले-नालियों या नाले-नालियों के ऊपर 4 इंच से अधिक ऊंचा फोल्डिंग लगा रखा है, उसे तत्काल हटा लें। अन्यथा नगर निगम द्वारा 4 इंच से अधिक ऊंचे फोल्डिंग, स्थायी, अस्थायी अतिक्रमण को बल पूर्वक हटा दिया जाएगा। इसका खर्चा अतिक्रमण करने वाले से ही वसूल किया जाएगा साथ ही एफआईआर भी दर्ज करायी जाएगी।
पिछले एक माह से नाले- नालियों सड़क की पटरी से अवैध अतिक्रमण स्वयं हटाने की मुनादी नगर निगम व प्रशासन द्वारा पूरे महानगर में करायी जा रही है। इसके बाद भी रसलगंज, महावीर गंज, रेलवे रोड पर अतिक्रमण करने वालों ने इस पर ध्यान नहीं दिया है। यह लोग नगर निगम और जिला प्रशासन को कुछ समझ ही नही रहे। शहर का विकास तभी होगा जब नाले- नाली सड़क की पटरी से अतिक्रमण हटे।
- पंकज वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट
सभी दुकानदार, भवन स्वामी सड़क के लेबल से 4 इंच ऊंचाई तक ही फोल्डिंग ग्राहकों के आने जाने की सुविधा के लिए लगा सकते हैं। अतिक्रमण करने वालों की वीडियोग्राफी भी करायी जा चुकी है। कठोर कार्रवाई के लिए अतिक्रमण हाटने वाले दस्ते का गठन भी किया जा चुका है। - संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त