क्षेत्र के गांव बढ़ारी बुजुर्ग में शनिवार सुबह आलू उबालते समय रसोई गैस सिलिंडर में लगी आग से तीन युवा बहन-भाई झुलस गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई गई है।
गांव बढ़ारी बुजुर्ग के पवन कुमार पुत्र प्रेम सिंह गांव में चाट-टिक्की की ढकेल लगाते हैं, वह इसके लिए काफी सामान तैयार कर घर से ले जाते हैं। घायल पवन ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे उनका छोटा भाई विमल (23) रसोई गैस सिलिंडर पर आलू उबाल रहा था। परिवार के कुछ सदस्य चाय पी रहे थे। अचानक सिलिंडर में आग लग गई, इस पर विमल ने उसे बुझाने का प्रयास किया तो वह आग की लपटों में आ गया, चीख पुकार पर उसकी बहन पूनम (16) और बड़ा भाई पवन (32) बचाने आए तो वह भी आग की चपेट में आ गए।
परिजनों की चीख-पुकार पर गांव के लोग भी आ गए और उन्होंने किसी तरह से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक तीनों भाई-बहन आग से बुरी तरह से झुलस गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तीनों घायलों को सीएचसी छर्रा पहुंचाया, जहां से तीनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां विमल की हालत नाजुक बताई गई है। गांव के लोगों का कहना है कि प्रेम सिंह के छह बच्चे हैं, जिसमें पवन सबसे बड़ा है, जिसकी शादी हो चुकी है और वह ढकेल लगाता है, जबकि विमल तीसरे नंबर का और बहन सबसे छोटी है, उसके पवन को छोड़कर विमल, राहुल, नवीन संजय खेती में माता-पिता का हाथ बंटाते हैं।