जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस के संक्रमण के तीन नए मामले प्रकाश में आए हैं। ये तीनों मामले नोएडा के हैं। इस तरह नोएडा में अब तक कुल 48 केस कोरोना वायरस के संक्रमण के पुष्ट हो चुके हैं। इसके अलावा चार मामले हाथरस के हैं। तीन बुलंदशहर के और एक-एक केस आगरा व मुरादाबाद का है।
जेएन मेडिकल कॉलेज में अब तक कुल 833 मामले कोरोना वायरस संक्रमण से संबंधित जांच के लिए आए हैं। इनमें से 57 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। एएमयू के जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई के मुताबिक अभी तक अलीगढ़ का कोई भी केस कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। यह राहत की बात है। वहीं, मेडिकल कॉलेज में संचालित कोरोना ओपीडी में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
तेलंगाना से आए युवकों की रिपोर्ट निगेटिव
पंडित दीनदयाल कोरोना हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती तेलंगाना से आए दो युवकों की रिपोर्ट निगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत महसूस की है।
करीब एक सप्ताह पहले तेलंगाना से दो युवक बाइक से अलीगढ़ आए थे। टप्पल के पास पुलिस कर्मियों ने युवकों को पकड़कर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया था। अगले ही दिन उनका स्वाब जांच के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था। रविवार को दोनों युवकों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर विभागीय अधिकारियों ने राहत महसूस की है। 22 वर्षीय युवक शहर के लाल डिग्गी का जबकि 32 वर्षीय दूसरा युवक जवां का निवासी है। अकराबाद, गंगीरी एवं हरदुआगंज के तीन युवकों की रिपोर्ट पहले ही निगेटिव पाई गई।