गांव महगौरा की दो और गांव डेटाखुर्द की एक पनीर फैक्टरी पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा मिलावटी पनीर बनाने में तीनों फैक्टरियों को सीज कराया गया है। तीनों जगह से तैयार पनीर के सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
विज्ञापन
सहायक खाद्य आयुक्त अजय कुमार जायसवाल, डाॅ. दीनानाथ यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्वेता चक्रवर्ती, सुनील कुमार शर्मा, आशीष गंगवार, महेश कुमार व प्रियेश सिंह की टीम ने महगौरा से मढ़ा गांव के रास्ते पर स्थित दो पनीर की फैक्टरियों में छापा मारा। यहां से पनीर और मिलावटी दूध के सैंपल लिए। एक लाख से अधिक का मिलावटी माल नष्ट कराने के साथ पनीर फैक्टरी सीज करा दी गईं। गांव डेटा खुर्द की एक पनीर फैक्टरी भी सीज की गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि पनीर की यह फैक्टरियां इदरीश, हनीफ और भूरा चला रहे थे। प्रथमदृष्टया मिलावटी पनीर बनाया जाना सामने आया है। तीनों जगह से पनीर और पनीर घोल के सैंपल भरे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद अन्य कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।