उधर, प्रशासन भी संघ प्रमुख की सुरक्षा को लेकर सतर्क है, इसी के तहत एसएसपी संजीव सुमन कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। मंगलवार की दोपहर संघ प्रमुख की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट में शाम चार बजे बैठक होनी थी, जिसमें डीएम, एसएसपी समेत प्रशासन के कई आला अधिकारी शामिल होने थे। दोपहर तीन बजे कलेक्ट्रेट को उड़ाने की धमकी मिली तो अधिकारियों के होश उड़ गए। शुरू में तो अधिकारी इस धमकी को संघ प्रमुख के आगमन से जोड़कर देखने लगे, लेकिन बाद में पता चला कि प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों में धमकीभरा मेल गया है। चूंकि दो दिन बाद यानी 17 अप्रैल की शाम तक संघ प्रमुख अलीगढ़ पहुंच जाएंगे इसलिए प्रशासन ज्यादा सतर्क हो गया है। बताया जा रहा है कि जिलेभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा सभी सार्वजनिक स्थानों पर खुफिया विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं।
धमकी भरे ई-मेल की जांच कराई जा रही है। आरएसएस के सरसंघचालक की सुरक्षा कड़ी रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर भी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। - प्रभाकर चौधरी, डीआईजी
धमकी भरा ई-मेल vaiko_ gopalasamy@outlook.com से भेजा गया है। संभावना है कि उसे दक्षिण भारत के किसी वाईको गोपाल सामी द्वारा भेजा गया। पुलिस अपने स्तर से आईपी एड्रेस पता कर रही है। धमकी के बाद एहतियातन पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में जांच-पड़ताल कराई गई है। कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। फिर भी यहां पूरी सतर्कता बरती जा रही है। हर आने-जाने वाले को जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। - संजीव रंजन, डीएम अलीगढ़
आरएसएस के सरसंघचालक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस तथा अधिकारियों की टीम मंगलवार की रात केशव सेवाधाम पहुंच गई। टीम में जिलाधिकारी संजीव रंजन, एसएसपी संजीव सुमन, एसपी ट्रैफिक मुकेश चंद्र उत्तम, आरपीएफ पोस्ट कमांडर अमित कुमार सिंह, जीआरपी इंस्पेक्टर संदीप तोमर, एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट शामिल रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि संघ प्रमुख 17 अप्रैल को शाम 6 बजकर 55 मिनट पर नॉर्थ ईस्ट ट्रेन से कानपुर से अलीगढ़ के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंंबर चार पर पहुंचेंगे। एसएसपी ने बताया कि रेलवे स्टेशन से कार्यक्रम स्थल तक संघ प्रमुख की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा रहेगी। आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल तैनात किया जाएगा।