दीपावली पर कड़ी चौकसी के बावजूद चोरों ने बंद घरों को निशाना बना डाला। देहली गेट की अति घनी आबादी वाले अशोक नगर और क्वार्सी के प्रयाग सरोवर के दो बंद मकानों के ताले चटकाते हुए लाखों रुपये का माल पार कर दिया है। दोनों घरों में रहने वाले परिवार दीपावली पर पैतृक घरों में पूजन के लिए गए थे और भाई दूज की शाम लौटने पर ताले टूटे देख चोरी की जानकारी हुई। दोनों सूचनाओं पर हरकत में आई पुलिस ने जांच पड़ताल करकार्रवाई शुरू कर दी है।
केस:-1
सासनी से लौटे साहूकार परिवार को टूटे मिले ताले
अशोक नगर निवासी मकान स्वामी साहूकारी करने वाले अंकित कुमार वार्ष्णेय के अनुसार घर में वह अपनी पत्नी और दो बुआओं के साथ रहते हैं। बुआ शिक्षिका हैं। दिवाली पर पूरा परिवार हाथरस के कस्बा सासनी स्थित बजरिया में अपने पैतृक घर में पूजा करने गए थे। मंगलवार की शाम पूरा परिवार लौटकर आया तो मकान के मुख्य द्वार सहित सभी कमरों के ताले टूटे मिले। घर की तिजोरी से कई लाख की नकदी, कई लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी सहित घर में रखे बर्तन और अन्य जरूरी सामान गायब मिला।
अंदेशा है कि चोरों ने सोमवार रात को वारदात को अंजाम दिया है। चोरी गए माल की कीमत कई लाख में है। कीमत का अनुमान लगाया जा रहा है। मामले में थाना पुलिस को तहरीर सौंप दी है। देहली गेट इंस्पेक्टर के मुताबिक चोरी गए माल की कीमत का अनुमान लगते ही तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही चोरों को दबोच लिया जाएगा।
अंकित की मानें तो पूर्व में वह दिल्ली में नौकरी करते थे। किडनी खराब होने के बाद नौकरी छोड़ साहूकारी का काम करने लगे। घर से जो सामान चोरी हुआ है। उसमें कुछ लोगों द्वारा पैसों की एवज में गिरवी रखीं गई जायदादों के कागजात और गहने भी शामिल है। आशंका यह भी है कि यह चोरी किसी परिचित ने ही कराई है।
केस:-2
एनआरआई इंजीनियर और किरायेदार का घर बना निशाना
क्वार्सी की प्रयाग सरोवर निवासी जेसी गोयल पुत्र छुट्टन लाल बीएसएनएल से एसडीओ के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका बेटा सौरभ गोयल कनाडा में इंजीनियर है। जेसी गोयल जुलाई से बेटे सौरभ के साथ कनाडा में ही रह रहे हैं। प्रयाग सरोवर स्थित घर में नगर पालिका खैर के ठेकेदार नरेश अग्रवाल पुत्र रामकिशोर किराए पर रहते हैं।
नरेश के मुताबिक दीपावली पर वह परिवार सहित खैर के मनीपुर गांव स्थित पैतृक घर पूजन करने गए थे। भाई दूज के बाद मंगलवार की शाम को पत्नी लौटकर किराए के मकान पर पहुंची तो उसे घर के ताले टूटे मिले। छानबीन करने पर तिजोरी से 1.50 लाख के गहने और 50 हजार की नकदी गायब मिली। इधर, मकान मालिक के हिस्से वाले कमरों का भी ताला टूटा मिला।
मामले में थाना पुलिस सहित मकान मालिक को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर छानबीन की। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए हैं। इंस्पेक्टर थाना क्वार्सी के अनुसार चोरी के संबंध में मकान मालिक की बेटी और किराएदार चोरी गए माल का हिसाब लगा रहे हैं। तहरीर आते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। चोरों की तलाश जारी है।