सड़क किनारे खड़ी नोएडा डिपो की बस।
- फोटो : samvad
अलीगढ़-पलवल-खैर हाईवे स्थित अटलपुर गांव के पास रोडवेज बस के इंजन से अचानक धुआं व लपटें उठना शुरू हो गईं। इससे बस में बैठी सवारियों में खलबली मच गई। चालक-परिचालक ने बस को रोककर पानी डालकर आग को बुझाया।
नोएडा डिपो की रोडवेज बस अलीगढ़ बस स्टैंड से करीब 40 यात्रियों को लेकर रविवार की दोपहर को नोएडा के लिए जा रही थी। गर्मी के चलते रास्ते में बस का इंजन हीट हो गया। उससे धुआं और लपटें उठना शुरू हो गईं। इसे देख अंदर बैठीं सवारियों में खलबली मच गई। चालक ने बस को गांव अटलपुर के पास रोक लिया। स्थानीय लोगों ने बताया है कि चालक ने पास में लगे हैंडपंप से इंजन पर पानी डाला और आग पर काबू किया। इंजन की हीटिंग कम होने पर करीब एक घंटे बाद बस सवारियों को लेकर गंतव्य के लिए रवाना हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि खस्ता हालत में रोडवेज बसें इस रूट पर दौड़ रही हैं।