न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय एवं मलखान सिंह जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर कोरोना से लड़ाई की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई की तैयारी में किसी तरह की कोताही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में पीडियाट्रिक आईसीयू एवं 1000 एलपीएम क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया। कहा कि विशेषज्ञों द्वारा बताया जा रहा है कि तीसरी लहर का बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
अधूरे कार्य को जल्दी से जल्दी पूरा किया जाए। मलखान सिंह जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। कहा कि सभी के प्रयास से कोरोना के मामले नहीं मिल रहे हैं। जन सामान्य से कोविड नियमों का पालन करने का आह्वान किया। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय आदि मौजूद थे।