न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
आगामी पांच अगस्त को अन्नोत्सव दिवस के तहत जिले के एक लाख राशन कार्ड धारकों को राशन का वितरण किया जाएगा। योजना के तहत नवंबर तक प्रति यूनिट पांच किलोग्राम खाद्यान्न अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारक को दिया जाएगा।
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने बताया कि अन्नोत्सव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश के दस जनपदों के लाभार्थियों से संवाद किया जाएगा। जिसका सजीव प्रसारण होगा। जनपद में 1350 राशन की दुकानों के माध्यम से लगभग एक लाख से अधिक पात्र कार्डधारकों को लाभान्वित किया जाएगा। जनप्रतिनिधि एवं गण्यमान्य व्यक्ति राशन का वितरण करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि पांच अगस्त को सुबह साढ़े दस बजे से कृष्णांजलि नाट्यशाला में अन्न वितरण कार्यक्रम होगा। जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि जनपद में सरकार द्वारा 60 हजार बैग उपलब्ध कराए गए हैं। जिन्हें राशन की दुकानों पर कार्डधारकों की संख्या के अनुरूप पहुंचा दिया गया है। बैठक में एडीएम वित्त विधान जायसवाल, एसडीएम, डीडीओ भरत कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी, बीडीओ समेत व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।