महानगर के कोतवाली इलाके के मकदूम नगर में इफ्तार के दौरान एक दुकान से खरीदी गई कोल्डड्रिंक पीने से दो परिवारों के डेढ़ दर्जन लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए।
बुधवार सुबह जब सभी की हालत बिगड़ी तो आनन-फानन जिला अस्पताल लाया गया। जहां सभी का इलाज चल रहा है। इधर, सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर एफडीए टीम ने परचून दुकान के साथ-साथ कनवरीगंज के सप्लायर के यहां से भी उस माल के सैंपल लिए गए हैं। साथ ही इलाके में डॉक्टरों की टीम भेजकर भी लोगों का परीक्षण कराया गया।
मकदूमनगर पीपल वाली गली निवासी टिर्री चालक मोहम्मद अजीज व पड़ोस में ही रहने वाले नजरुद्दीन के परिवारों में मंगलवार शाम मोहल्ले के ही फाजिल की परचून की दुकान से इफ्तार के लिए अलग-अलग ब्रांड की कोल्डड्रिंक खरीदकर लाई गईं।
दोनों परिवारों में करीब डेढ़ दर्जन सदस्यों ने यह कोल्डड्रिंक पी और सो गए। सुबह अजीज तड़के ही घर से टिर्री लेकर निकल आया। उस समय तक अधिकांश सदस्य सो रहे थे। इसके कुछ देर बाद अजीज का 8 वर्षीय बेटी अलीसा उठी तो वहीं गिर पड़ी। इसी तरह 10 वर्षीय बेटा अजीम भी उठते ही गिर पड़ा और उसके सिर में चोट तक आ गई। इस पर परिवार में चीख पुकार मची तो कोई सदस्य एक दूसरे की मदद की स्थिति में नहीं था। तभी पड़ोसियों ने अजीज के परिवार से उसकी पत्नी शकीला के अलावा बेटी अलीसा, रुखसार, सोनम, बेटा आसिफ, आहिल, अरमान, अनस, अजीम के अलावा परिवार के ही जुबैर को जिला अस्पताल भिजवाया।
इसी बीच खबर आई कि पड़ोस के नजरुद्दीन के परिवार में भी इसी तरह से हुआ है। वहां से भी नजरुद्दीन के बेटे शाजिद, शाकिब, सौबी, बेटी फिजा, रिदा खुद नजरुद्दीन सहित दोनों परिवारों से कुल 17 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने इसे फूड प्वाइजनिंग ही बताया है। मगर कारण स्पष्ट नहीं है। इधर, मामले में सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर एफडीए की टीम ने फाजिल की दुकान से व उसके द्वारा बताए गए कनवरीगंज के थोक सप्लायर की दुकान से अलग-अलग ब्रांडों के सैंपल लिए गए हैं। जिन्हें परीक्षण को भेजा जा रहा है। साथ में डॉक्टरों की टीम इलाके में इस लिहाज से भी भेजी गई है कि अन्य कोई और तो इसका शिकार नहीं हुआ।