कस्बा के आबादी क्षेत्र में हो रही जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। करबन नदी पर बनाए गए अस्थायी पुल को सिंचाई विभाग अन्य विभागीय अधिकारियों की मदद से इसे हटवाएगा।
करबन नदी पर बने अस्थायी पुल को लेकर कस्बा के अतुल गौड़ वर्ष 2018 से लगातार इस मामले की शिकायत विभिन्न विभागों और अधिकारियों से कर रहे हैं, उनका मकान पथवारी मंदिर के पीछे करबन नदी के किनारे स्थित है, गौड़ का आरोप कि नदी वाले मोहल्ले के कुछ लोगों ने नदी पर एक अस्थायी पुल बना दिया है। इस पुल के कारण बरसात के दौरान जलनिकासी बाधित हो जाती है, जिससे आसपास के आबादी में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। पुल को हटवाने के लिए वह सभी संबंधित विभागों में शिकायत कर चुके हैं। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि बरसात के मौसम में नदी का जल प्रवाह प्रभावित होने के कारण आसपास के मोहल्लों में जलभराव हो जाता है और करीब 100 से अधिक परिवार प्रभावित होते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गंगा नहर खंड बुलंदशहर के अधिशासी अभियंता ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि प्रशासन एवं खैर तहसील अधिकारियों के सहयोग से जल्द ही अस्थायी पुल को हटाने की कार्रवाई की जाएगी, इसे हटाने के लिए 21 मई की तिथि तय की गई है ताकि बरसात से पहले जल निकासी सुचारु हो सके और लोगों को राहत मिल सके।