सपा ने महंगी शिक्षा, बेरोजगारी और अपराध पर सरकार को घेरा
- अतरौली में सपा की पीडीए पंचायत में मुजफ्फरनगर व रामपुर के सांसद पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
अतरौली (अलीगढ़)। केएमवी इंटर कॉलेज के सामने समाजवादी पार्टी की पीडीए पंचायत और कार्यकर्ता सम्मेलन बृहस्पतिवार को आयोजित हुआ। इसमें मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक और रामपुर सांसद मुहिबुल्लाह नदवी ने महंगी शिक्षा, बेरोजगारी और अपराध को लेकर सरकार को घेरा।
सम्मेल की अध्यक्षता प्रताप सिंह कुंतल ने की और संचालन शाकिब अनवार ने किया। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा अब हालात ये हैं कि अगर कोई बीमार हो जाए तो इलाज नहीं करा सकते। एमबीबीएस की फीस एक करोड़ रुपये है। इतनी महंगी फीस में गरीब कैसे अपने बच्चों को पढ़ा पाएगा। समय पर नहीं चेते तो मजदूर पैदा करोगे, अफसर नहीं बना पाओगे। मलिक ने साइबर क्राइम का मुद्दा उठाते हुए कहा साइबर क्राइम रोज हो रहे हैं। भोले-भाले किसान लूट लिए जाते हैं। उन्होंने कहा, मैं खुद किसान हूं, अब डीएपी-यूरिया नदारद है। मक्का के किसान का हाल बुरा है। आलू तीन रुपये किलो बिकता है और तभी उसी का जब चिप्स बन जाता है तो वह महंगा बिकता है। देश में कंपनियों का राज चल रहा है।
रामपुर सांसद मुहिबुल्लाह नदवी ने कहा सपा ने गरीबों के लिए एंबुलेंस चलाई। एक फोन पर गरीब के घर जिला अस्पताल से एंबुलेंस पहुंचती थी। जैसी ही सरकार बदली उसका हाल बुरा हो गया। पेपर लीक हो रहे हैं, जिसकी वजह से नौजवानों के अंदर जो मायूसी है। हमारे परेशान नौजवान खुदकुशी कर रहे हैं। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर, रवि शंकर शर्मा, चमन जलाल, कुबेर सैफी, सोहिल राइन सभासद, फरमान उल्लाह, हाफिज खलील, नदीम गाजी, सादिक, मूलचंद बघेल, मोहम्मद सिद्दीक, मुजीब खां आदि मौजूद रहे।