उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बच्चे बीमार हो रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में आए दिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 250 बच्चे पहुंचे, जिनमें से 20 बच्चे भर्ती किए गए हैं।
शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1966 मरीज आए। वहीं, दीनदयाल अस्पताल में ओपीडी संख्या 1900 रही, जिनमें 150 बच्चे शामिल हैं। जिला अस्पताल का बच्चा वार्ड फुल हो गया। एक बेड पर तीन-तीन बच्चों का इलाज किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि गर्मी से डायरिया, बुखार, सर्दी-जुकाम व सांस फूलने की समस्या के मरीज आ रहे हैं। बीमार बच्चों में डायरिया व बुखार से पीड़ित अधिक हैं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. जगवीर वर्मा ने बताया कि उमस भरी गर्मी में वायरल बुखार तेजी से फैलता है। बच्चों के जल्दी बीमार होने का खतरा होता है। इसका मुख्य कारण बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता की कमी है। इस कारण वह जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अस्पताल में डायरिया से पीड़ित बच्चे अधिक आए।