महानगर के सासनी गेट क्षेत्र में सेवानिवृत्त एबीएसए के घर लूट को अंजाम देने वाले बदमाश कार में सवार होकर आए थे। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस को यह क्लू हाथ लगा है। उसी दिशा में पुलिस ने आगे बढ़ना शुरू कर दिया है। पुलिस की पांच टीमों को इस वारदात के खुलासे में लगाया गया है। प्रयास है कि जल्द वारदात का खुलासा किया जाए।
आरकेपुरम के पूर्व एबीएसए स्व. कोमल सिंह के घर में शनिवार शाम को बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान घर में पत्नी, दो बेटियां, नाती व बच्चे का ट्यूटर मौजूद थे। इसी बीच बदमाश घुसे और बाद में घुसे दूध वाले को भी अंदर लेकर बंधक बना लिया था। बदमाश यहां से 32 तोला सोना व एक लाख रुपये की नकदी ले गए। चूंकि बदमाशों ने बातचीत में कहा था कि वे किसी भाई के इशारे पर आए हैं। इसलिए इस वारदात में कोमल सिंह की बड़ी बेटी नेहा सिंह ने मेरठ निवासी लद्दाख में तैनात कर्नल कुलदीप सिंह द्वारा भेजे गए अज्ञात बदमाशों पर लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। चूंकि नेहा का अपने पति से विवाद चल रहा है और वह मायके में रहती हैं।
इस पहलू के अलावा पुलिस अन्य तमाम पहलुओं पर जांच कर रही है। अब तक पांच टीमों को खुलासे में लगाया है। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी की मदद से यह जान लिया है कि बदमाश कार से आए थे। वारदात को अंजाम देकर वे कार से ही सवार होकर गए। सीसीटीवी में इसके साक्ष्य मिले हैं। सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह इतना ही कहते हैं कि खुलासे के प्रयास जारी हैं। पांच टीमें खुलासे में लगी हैं। जल्द सफलता मिलेगी।