सादाबाद-जलेसर मार्ग से निकलने वाले गांव ककरौली के मार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण हो जाएगा। शासन से लगभग 5.82 करोड़ रुपये की लागत वाले इस निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि इस रास्ते पर बारिश के दिनों में जलभराव और गड्ढों की समस्या बन जाती है। लगातार ग्रामीणों द्वारा की जा रही शिकायतों और जनप्रतिनिधियों की सिफारिश के बाद शासन ने मार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी दे दी है। विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, और संभावना है कि अगले माह से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
करीब चार किलोमीटर लंबे इस मार्ग के बनने से सादाबाद-जलेसर मार्ग के लोगों को लाभ होगा। किसानों के लिए यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यह मार्ग सीधे मुख्य मार्ग से जुड़ता है, जिससे खेतों से अनाज व सब्जी की ढुलाई आसान होगी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, दोनों ओर जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी और सड़क की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।