कोषागार में चार्ज रजिस्टर पर हस्ताक्षर करते नवागत डीएम अविनाश कुमार। स्रोत : सूचना विभाग
नवागत डीएम अविनाश कुमार ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया है। वह जिले के 139वें डीएम होंगे। उन्होंने कोषागार में चार्ज रजिस्टर पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सीडीओ योगेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव, एडीएम वित्त प्रमोद कुमार, एडीएम न्यायिक अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिशिर सिंह, डीडीओ आलोक आर्य आदि मौजूद रहे।
जिले में वर्ष 1804 से लेकर अब तक 138 डीएम अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिले के प्रथम डीएम सी. रसल रहे। आजादी से पहले अलीगढ़ में कुल 61 डीएम नियुक्त हुए। इनमें छह अधिकारियों ने एक से अधिक बार कलेक्टर के रूप में दायित्व निभाया।
स्वतंत्रता के समय गोविंद नारायन जिले के डीएम थे। वह स्वतंत्र भारत में अलीगढ़ के प्रथम डीएम के रूप में दर्ज किए जाते हैं। एटी नकवी ने पहली बार 1937 में पहले भारतीय डीएम के रूप में जिले का दायित्व संभाला। अलीगढ़ में 10 कार्यवाहक जिला अधिकारी भी रहे हैं।
डीएम के नाम से जाने जाते हैं कई इलाके
सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार बताते हैं कि जिले के प्रथम जिलाधिकारी क्लाउड रसल के नाम पर आज भी रसलगंज मोहल्ला स्थापित है। इसी प्रकार से एटी नकवी के नाम पर नकवी पार्क और 35वें कलेक्टर मौरिस के नाम से मैरिस रोड को जाना जाता है।