कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर शातिर बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक को लूट लिया। रविवार की रात बदमाश सवारी बनकर बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। होश में आने के बाद ई-रिक्शा चालक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव नगला खुशाली निवासी खजान सिंह हाथरस आकर ई-रिक्शा चलाते हैं। रोजाना की तरह रविवार को वह ई-रिक्शा लेकर हाथरस आए थे। रात कोवह आगरा रोड से घर लौट रहे थे, तभी बस स्टैंड के पास चार युवक मिले। इन युवकों ने बीमारी का बहाना बनाकर जिला अस्पताल छोड़ने के लिए कहा। खजान सिंह चारों को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां तीन युवक इधर-उधर हो गए। एक युवक ने खजान सिंह से मित्रता बढ़ाई और बातों ही बातों में अपने साथी से कोल्डड्रिंक मंगवाकर उन्हें पिला दी। इससे पहले युवक ने ई-रिक्शा की चाभी ले ली। खजान सिंह के बेहोश होते ही युवक ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। युवक व उसके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। हाथरस गेट कोतवाली प्रभारी अरविंद राठी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।