अलहदादपुर में 40 बीघा जमीन पर जिले का सबसे बड़ा स्टेडियम बनने जा रहा है। खेलो इंडिया स्कीम के तहत स्टेडियम के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 6.10 करोड़ रुपया जिला युवा कल्याण विभाग के खाते में भेज दिया है। स्टेडियम का एस्टीमेट फाइनल हो चुका है। अगले सप्ताह से टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जिले के पहले डिजिटल गांव अलहदादपुर में 40 बीघा जमीन में जिले का सबसे बड़ा बहुउद्देशीय स्टेडियम बनने जा रहा है। खेलो इंडिया स्कीम में 6.10 करोड़ की लागत से बनने जा रहा यह स्टेडियम बहुउद्देशीय होगा।
दो चरणाें में जिला युवा कल्याण विभाग की सरपरस्ती में बनने जा रहे इस स्टेडियम का निर्माण कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड की टीम करेगी।
पहले चरण में स्टेडियम में हाकी, फुटबाल, क्रिकेट, एथलेटिक्स व लान टेनिस के साथ इंडोर गेम्स मसलन बैडमिंटन, टेबिल टेनिस, बिलियर्ड्स, स्नूकर आदि के साथ बड़ी दर्शक दीर्घा की सुविधा होगी। दूसरे चरण में स्वीमिंग पूल, हाकी के लिए एस्ट्रो टर्फ आदि बिछाने का काम होगा।
प्रधान पति के प्रयासों का है नतीजा
अलहदादपुर में बनने जा रहे इस स्टेडियम के निर्माण में प्रधान पति अर्जुन सिंह भोलू का विशेष योगदान है। उन्होंने बताया कि मई 2013 में तत्कालीन डीएम राजीव रौतेला ने ग्राम समाज की 20 बीघा जमीन स्टेडियम के नाम पर आवंटित की थी। नवंबर 2015 में तत्कालीन डीएम अभिषेक प्रकाश ने भी 20 बीघा और जमीन स्टेडियम के लिए दी।
मुख्यमंत्री कर सकते हैं शिलान्यास
जल्द ही अलीगढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलहदादपुर स्टेडियम एवं गांव में ही बन रहे जिले के दूसरे नवोदय विद्यालय का शिलान्यास कर सकते हैं। प्रधान ज्योति सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासनिक अफसरों ने तेजी से तैयारियां करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नवोदय विद्यालय के लिए समाज कल्याण विभाग को ग्राम समाज की 26 बीघा जमीन दी है। 22 करोड़ की लागत से 490 बच्चों की आवासीय क्षमता वाले इस विद्यालय के निर्माण में 22 करोड़ का खर्चा आएगा। यह विद्यालय राजकीय पद्घति ऋषि आश्रम की तर्ज पर संचालित होगा।