फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा को लगा करारा झटका, ओमवती यादव से छिनी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी

Sat, 22 Jun 2019 05:00 PM IST
राजेश सैनी न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विज्ञापन
जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव जिला पंचायत कार्यालय जाते हुए - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हाथरस में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी सपा के हाथ से छिन गई है। शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश हुआ। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सादाबाद की मौजूदगी में अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की प्रकिया हुई। अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 16 सदस्यों ने मतदान कर जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव को पद मुक्त करने की मांग पर मोहर लगा दी है। प्रस्ताव के विरोध में किसी ने मतदान नहीं किया। 

विज्ञापन


इस मौके पर 25 में से 24 सदस्य मौजूद थे। अब नई अधिसूचना के बाद नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। सपा खेमे को मात मिलते ही रामवीर उपाध्याय के खेमे में जश्र मनाया गया और जमकर नारेबाजी हुई। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के बाद से ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर फिर से पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने खेमे ने जोड़-तोड़ शुरू कर दी थी। पिछले दिनों जिला पंचायत के 25 में से 16 सदस्यों ने जिलाधिकारी के समक्ष शपथ देकर जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने की मांग की थी। इस पर डीएम ने 22 जून को मतदान की तिथि निर्धारित कर दी थी। 

जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव ने इसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन हाईकोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया था। इसी क्रम में शनिवार को बेहद कड़ी सुरक्षा के मध्य जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव अलीगढ़ रोड स्थित जिला पंचायत कार्यालय में मतदान की प्रकिया हुई। यह प्रकिया सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सादाबाद अबुल कैश की अध्यक्षता में हुई। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 16 मत पड़े जबकि विपक्ष में किसी ने वोट नहीं दिया। 
विज्ञापन


जिला पंचायत में कुल 25 सदस्य हैं। इसमें से शनिवार को मतदान के दौरान एक जिला पंचायत सदस्य राजाराम गैरहाजिर रहे। इस तरह जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी करीब पौने दो साल बाद ओमवती यादव से छिन गई। वह सपा की जिलाध्यक्ष भी हैं। ओमवती यादव से पहले यह कुर्सी रामवीर उपाध्याय के भाई विनोद उपाध्याय के पास थी। उनके खिलाफ जून 2017 में अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था। अब नई अधिसूचना के बाद फिर से जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होगा। 

इधर शनिवार को चुनाव के मद्देनजर दोनों पक्षों के समर्थक काफी तादात में जिला पंचायत कार्यालय के आसपास जमा हो गए। जैसे ही ओमवती यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ, वैसे ही रामवीर समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जमकर नारेबाजी हुई और जश्र मनाया गया। सपा समर्थकों में मायूसी छा गई और जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव चुपचाप अपने समर्थकों के साथ वहां से चली गई। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी हरिपाल सिंह यादव ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 16 सदस्यों ने मतदान किया है, जबकि विपक्ष में किसी ने मतदान नहीं किया है। इस तरह से अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें